News

14-06-2026 16:41:06

मेधावी छात्रों का सम्मान, शिक्षा से समाज को नई दिशा मिलेगी: अरविंद कश्यप

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। कश्यप एकता मंच की ओर से हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में नगर निगम सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह में समाज के गणमान्य लोगों, अभिभावकों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरविंद कुमार कश्यप ने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति, परिवार और समाज को नई दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हो रहे छात्र-छात्राएं समाज के लिए प्रेरणा हैं और आने वाले समय में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाकर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम के आयोजक अंशुल कश्यप ने कहा कि कश्यप एकता मंच का उद्देश्य समाज में शिक्षा, एकता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में मंच द्वारा और भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समाज के अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

मंच का संचालन कर रहे सुदेश कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज जिले में बड़ी संख्या में निवास करता है और सामाजिक व राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित कर एक मंच पर लाने का कार्य कश्यप एकता मंच द्वारा किया जा रहा है, जिससे समाज के लोगों की समस्याओं और प्रतिभाओं को उचित पहचान मिल सके।

कार्यक्रम में संजय कश्यप, राजीव कश्यप, नेपाल सिंह, सुमित कुमार, राकेश, छवि कश्यप, शगुन कश्यप, मधुकर कश्यप, दिव्या कश्यप, नरेंद्र कश्यप, शौर्य कश्यप सहित अनेक गणमान्य लोग एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies