
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। पनियाला रोड स्थित शिवपुरम क्षेत्र में पानी निकासी एवं सड़क निर्माण की मांग को लेकर पिछले नौ दिनों से चल रहा धरना अब समाधान की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। मंगलवार को मेयर अनीता अग्रवाल ने धरनास्थल पर पहुंचकर क्षेत्रवासियों से वार्ता की और उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मेयर के आश्वासन के बाद समिति पदाधिकारियों ने धरना स्थगित करने का निर्णय लिया है।

शिवपुरम जनकल्याण समिति के नेतृत्व में क्षेत्रवासी लंबे समय से जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर आंदोलनरत थे। नगर निगम द्वारा समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाते हुए मंगलवार सुबह पानी निकासी के लिए नाला खुदाई का कार्य शुरू करा दिया गया। इसके बाद मेयर अनीता अग्रवाल और उनके प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल धरनास्थल पर पहुंचे और लोगों से विस्तृत चर्चा की।
मेयर ने कहा कि क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगों को गंभीरता से लेते हुए पानी निकासी की व्यवस्था के लिए नाला निर्माण एवं खुदाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्य मार्ग के निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए एक माह के भीतर टेंडर जारी कर दिया जाएगा। साथ ही आंतरिक सड़कों के निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।
शिवपुरम जनकल्याण समिति के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना था। प्रशासन और नगर निगम द्वारा सकारात्मक पहल किए जाने के बाद सर्वसम्मति से मंगलवार शाम धरना स्थगित कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित शव यात्रा कार्यक्रम भी अब आयोजित नहीं किया जाएगा, क्योंकि आंदोलन का उद्देश्य किसी व्यक्ति या जनप्रतिनिधि का विरोध नहीं बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान था।
धरने के संयोजक सतीश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए समिति भविष्य में भी संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने मेयर द्वारा धरनास्थल पर पहुंचकर जनता की भावनाओं का सम्मान करने और समस्याओं के समाधान का आश्वासन देने पर आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन विकास त्यागी ने किया। इस दौरान राजेश गोस्वामी, जितेंद्र सैनी, सुल्तान सैनी, नरेंद्र सिंह तोमर, राजेंद्र सिंह नेगी, रमेश पवार, राजेंद्र जुयाल, चंद्रभान, रमेश सिंह, कमल, चंद्र प्रकाश शर्मा, अनिल चौधरी, सोहन पाल, मूल सिंह, अनिल कुमार त्यागी, सतीश शर्मा, डीके गौर, सुरेंद्र सिंह चौधरी, सुधीर कुमार, नरेंद्र सिंह, हरपाल साहब, विराट सिंह, प्रेमपाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies