
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। डिलवरी चार्ज में कटौती किए जाने से नाराज फ्लिपकार्ट मिनट्स के डिलवरी बॉय हड़ताल पर उतर आए। गुस्साए कर्मचारियों ने पनियाला रोड स्थित स्टोर के बाहर एकत्र होकर कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नए पे-आउट सिस्टम को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे डिलवरी बॉय का कहना है कि कंपनी द्वारा हाल ही में जारी किए गए नए पे-आउट में प्रति डिलवरी मिलने वाले चार्ज को पहले की तुलना में लगभग आधा कर दिया गया है। उनका आरोप है कि पहले जहां एक डिलवरी पर मिलने वाला मेहनताना उनके लिए पर्याप्त था, वहीं नए भुगतान ढांचे से उनकी आमदनी पर सीधा असर पड़ेगा।
डिलवरी कर्मचारियों ने कहा कि एक ओर लगातार महंगाई बढ़ रही है, पेट्रोल, वाहन रखरखाव और दैनिक जरूरतों का खर्च बढ़ता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कंपनी द्वारा मेहनताना कम किया जाना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि डिलवरी का कार्य कठिन परिस्थितियों में किया जाता है और समय पर ऑर्डर पहुंचाने के लिए उन्हें लंबे समय तक सड़कों पर रहना पड़ता है। इसके बावजूद भुगतान में कटौती करना कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है।

हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि नए पे-आउट सिस्टम से उनकी मासिक आय में भारी कमी आएगी, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने अपने निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


प्रदर्शन के दौरान डिलवरी बॉय ने कंपनी प्रबंधन से वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने तथा पुराने भुगतान ढांचे को बहाल करने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

हड़ताल के चलते क्षेत्र में फ्लिपकार्ट मिनट्स की डिलवरी सेवाएं भी प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। डिलवरी कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि कंपनी उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित समाधान निकालेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies