दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं आयुष्मान भव योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में उपकारागार में आयोजित योग शिविर छठे दिन भी उत्साहपूर्वक जारी रहा। शिविर में बंदियों एवं उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
योगगुरु पवनदेव ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ एवं मन शांत रहता है। उन्होंने पाचन तंत्र को मजबूत करने और मधुमेह (शुगर) को नियंत्रित रखने में सहायक योगासनों की जानकारी देते हुए पवनमुक्तासन, मंडूकासन, अर्धमत्स्येन्द्रासन, भुजंगासन, वज्रासन तथा योगमुद्रासन का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि ये आसन पेट और आँतों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ अग्न्याशय को सक्रिय कर शुगर नियंत्रण में भी सहायक होते हैं।
इसके अलावा प्रतिभागियों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए इनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। योगगुरु ने कहा कि नियमित योग, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।

शिविर में उपस्थित सभी लोगों ने प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान रेखा जायसवाल, पवन शर्मा सहित अन्य योग साधक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies