दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) ने जीएसटी चोरी और संदिग्ध सर्कुलर ट्रेडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार की चार फर्मों पर छापेमारी की। जांच के दौरान करोड़ों रुपये के कर अपवंचन का मामला सामने आया, जिसके बाद विभाग ने मौके पर ही 20 करोड़ रुपये कर एवं जुर्माने के रूप में जमा करा लिए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार विशेष अभियान के तहत की गई जांच में फर्मों के जीएसटी अभिलेखों और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया। जांच में सामने आया कि संबंधित फर्में आपस में सर्कुलर ट्रेडिंग कर कृत्रिम रूप से अपना कारोबार बढ़ा रही थीं, जबकि माल के वास्तविक आवागमन के पर्याप्त प्रमाण नहीं मिले।
कार्रवाई राज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन के निर्देश पर की गई। जांच के दायरे में आई फर्मों में स्टार टेक्नोलॉजिस्ट एंड एसोसिएट्स, रश्मि एंटरप्राइजेज, भारत टेकक्राफ्ट प्रा. लि. और एडीएस इंटरनेशनल शामिल हैं। विभाग को मिली शिकायतों के आधार पर इन फर्मों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

छापेमारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया, जिनमें विशेष अनुसंधान शाखा, राज्य कर एवं ऑडिट इकाई के कुल 12 अधिकारियों को शामिल किया गया। अधिकारियों ने फर्मों के परिसरों में खरीद-बिक्री, स्टॉक और दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया, जिसमें कई अनियमितताएं उजागर हुईं।
विभाग का कहना है कि जांच अभी जारी है और दस्तावेजों की विस्तृत पड़ताल के बाद कर चोरी की अंतिम राशि निर्धारित की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित फर्मों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।राज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन ने कहा कि कर चोरी और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा किसी भी स्तर पर कर अपवंचन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies