News

17-06-2026 23:54:35

कलियर विधायक के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री घोषणा के तहत राजपुतान-हलवाहेड़ी सड़क निर्माण को मिली मंजूरी...

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। कलियर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत बाढ़ेड़ी राजपुतान से भारापुर होते हुए हलवाहेड़ी तक प्रस्तावित संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए शासन ने प्रथम चरण की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके तहत सर्वेक्षण एवं डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार करने के लिए 5.7 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक मंजूरी जारी की गई है।


उत्तराखंड शासन की अपर सचिव मायावती ढकरियाल द्वारा ग्रामीण निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को जारी पत्र में बताया गया है कि करीब 6.4 किलोमीटर लंबे इस प्रस्तावित सड़क मार्ग की अनुमानित लागत 8.81 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री घोषणा के अनुपालन में इस परियोजना को स्वीकृति देते हुए विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शासन की ओर से फिलहाल सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार कराने के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। डीपीआर तैयार होने के बाद सड़क निर्माण कार्य के लिए आगे की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृतियां जारी की जाएंगी।सड़क निर्माण होने से बाढ़ेड़ी राजपुतान, भारापुर, हलवाहेड़ी समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि उनके प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत इस सड़क निर्माण कार्य को शासन से स्वीकृति प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies