

दैनिक रुड़की (इकराम अली):::
काशीपुर। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग उत्तराखंड मुख्यालय के सहायक गन्ना आयुक्त आशीष नेगी ने गन्ना विकास परिषद काशीपुर परिक्षेत्र में चल रहे गन्ना सर्वेक्षण कार्यों का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने सर्वेक्षण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

गन्ना विकास परिषद काशीपुर के एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि उनके तथा सचिव प्रभारी गन्ना समिति काशीपुर द्वारा भी समय-समय पर सर्वेक्षण कार्यों का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण में गन्ना पर्यवेक्षकों का कार्य संतोषजनक पाया गया। अधिकारियों ने सर्वेक्षण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।बीरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि सर्वेक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से सर्वेक्षण कार्य पूरा कराना विभाग की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने क्षेत्र के किसानों से मुलाकात कर विभागीय योजनाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। किसानों से अपील की गई कि वे अपने-अपने गन्ना पर्यवेक्षकों से संपर्क कर सर्वेक्षण की पुष्टि अवश्य कर लें। सचिव प्रभारी ने बताया कि किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र ही उनके खातों में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों द्वारा भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है।इस दौरान आशीष नेगी, बीरेंद्र कुमार चौधरी, सुरेंद्र सिंह, दीपक कुमार शर्मा, मोहित कुमार सिंह और प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies