

दैनिक रुड़की (इकराम अली):::
पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में नोचंदी जुमेरात के अवसर पर जायरीनों की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में पहुंचे जायरीनों के बीच दरगाह परिसर में मूलभूत सुविधाओं की कमी भी देखने को मिली। भीषण गर्मी के बीच दरगाह परिसर का फर्श अत्यधिक गर्म होने से जायरीनों को नंगे पैर चलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।


नोचंदी जुमेरात पर हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, मुंबई, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद, बिजनौर समेत विभिन्न राज्यों और शहरों से बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह में हाजिरी लगाने और मन्नतें मांगने पहुंचते हैं। गुरुवार को भी सुबह से ही दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जायरीनों की भीड़ रही।
जायरीनों का कहना है कि गर्मी के मौसम में दरगाह परिसर के फर्श पर चलना मुश्किल हो रहा है। उनका आरोप है कि फर्श की तपिश से राहत दिलाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
पंजाब से आए कुछ जायरीनों ने बताया कि दोपहर के समय फर्श काफी गर्म हो जाता है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने दरगाह प्रशासन से जायरीनों की सुविधा के लिए उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की।जायरीनों का कहना है कि नोचंदी जुमेरात जैसे विशेष अवसरों पर बड़ी संख्या में लोगों के आने को देखते हुए छायादार व्यवस्था, फर्श पर मैट या कारपेट तथा पेयजल जैसी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाना चाहिए, ताकि दूर-दराज से आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies