News

18-06-2026 21:32:34

जननिर्माण पार्टी की औपचारिक घोषणा से पहले बढ़ा जनसमर्थन, सैकड़ों लोगों ने ली सदस्यता

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



रुड़की। जननिर्माण पार्टी की औपचारिक घोषणा से पहले ही पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलना शुरू हो गया है। रुड़की में आयोजित एक बैठक के दौरान सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में आगामी 21 जून को होने वाले पार्टी के औपचारिक घोषणा कार्यक्रम की तैयारियों और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कहा कि जननिर्माण पार्टी का गठन जनता की आवाज को मजबूती देने और भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता एक मजबूत और ईमानदार राजनीतिक विकल्प की तलाश में है और जननिर्माण पार्टी उसी उम्मीद को लेकर आगे बढ़ रही है।

उमेश कुमार ने अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विकास कार्यों के टेंडरों में कथित रूप से 40 प्रतिशत कमीशन लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमीशनखोरी के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता के धन का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर आवाज उठाएगी और जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करेगी।

पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने कहा कि 21 जून को जननिर्माण पार्टी की औपचारिक घोषणा की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में करीब 400 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जो संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

सोनिया शर्मा ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति और उम्मीदवारों के संबंध में निर्णय समय आने पर लिया जाएगा। फिलहाल संगठन को मजबूत बनाने और जनता के बीच पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। जननिर्माण पार्टी की औपचारिक घोषणा से पहले ही मिल रहा समर्थन क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर रहा है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies