News

18-06-2026 21:34:51

रुड़की के अधिवक्ता विशाल वर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, देहरादून RTA के सदस्य नामित...

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। उत्तराखंड शासन ने रुड़की के युवा अधिवक्ता विशाल वर्मा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए संभागीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) देहरादून का गैर-सरकारी सदस्य नामित किया है। परिवहन अनुभाग-1 द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार उनका मनोनयन मोटरयान अधिनियम, 1988 एवं उत्तराखंड मोटरयान नियमावली, 2011 के प्रावधानों के तहत दो वर्ष की अवधि के लिए किया गया है।

भागीरथी एन्क्लेव, रुड़की निवासी विशाल वर्मा लंबे समय से सामाजिक एवं जनहित से जुड़े विषयों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। शासन द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व दिए जाने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके मनोनयन को परिवहन व्यवस्था में जनसरोकारों को मजबूती मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

संभागीय परिवहन प्राधिकरण सड़क परिवहन से संबंधित विभिन्न नीतिगत एवं प्रशासनिक मामलों में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में विशाल वर्मा की नियुक्ति से हरिद्वार जनपद सहित पूरे देहरादून संभाग के परिवहन संबंधी मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

उनके मनोनयन की सूचना मिलते ही अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। विशाल वर्मा ने शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने तथा परिवहन व्यवस्था से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का प्रयास करेंगे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies