News

19-06-2026 08:51:40

देर रात पुलिस-बदमाश मुठभेड़ में एक घायल, दूसरा फरार, अमानतगढ़ फैक्ट्री फायरिंग कांड से जुड़ा निकला आरोपी

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। बुग्गावाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और हाल ही में अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार कांबिंग अभियान चला रही हैं।

जानकारी के अनुसार थानाध्यक्ष बुग्गावाला देर रात पुलिस टीम के साथ यूपी बॉर्डर क्षेत्र में जोनल चेकिंग और गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बंजारावाला गांव की ओर से दो युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि दोनों युवकों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।पकड़े गए घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा 9 जून को अमानतगढ़ फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस का कहना है कि मामले में विस्तृत जानकारी और अन्य खुलासे जांच पूरी होने के बाद साझा किए जाएंगे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies