
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र 31-रुड़की के समस्त बीएलओ सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय रुड़की में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट (आईएएस) ने की।

बैठक में निर्वाचन गणना प्रपत्र (ईएफ फॉर्म) के वितरण, संकलन एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत संकलन सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका डिजिटाइजेशन पूरा कराएं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण अद्यतन किया जाना आवश्यक है। इसके लिए ईएफ प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने और किसी भी प्रपत्र को लंबित न रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिदिन कार्य की समीक्षा कर तय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया गया।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जब बीएलओ उनके घर गणना प्रपत्र लेकर पहुंचे तो वे आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी उपलब्ध कराते हुए पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि यदि किसी मतदाता को अभी तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है तो वह अपने संबंधित बीएलओ अथवा बूथ स्तर पर संपर्क कर प्रपत्र प्राप्त करें और उसे भरकर शीघ्र जमा कराएं, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।बैठक में तहसीलदार रुड़की, निर्वाचन कानूनगो, निर्वाचन विभाग के अधिकारी तथा विधानसभा क्षेत्र 31 रुड़की के सभी बीएलओ सुपरवाइजर मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies