
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नेहरू स्टेडियम में भारत स्वाभिमान न्यास एवं पतंजलि योग समिति रुड़की के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संकल्प लिया। योग शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए। योग के नियमित अभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा भी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि योग में ऐसी शक्ति है जो अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव और उनके प्रभाव को कम करने में सहायक सिद्ध होती है।
मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि योग स्वस्थ समाज की आधारशिला है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है और शरीर, मन एवं आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राम चन्द्र शेट ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को अनुशासित, सकारात्मक और ऊर्जावान बनाता है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान पतंजलि योग समिति के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं विशेष योग क्रियाओं का आकर्षक प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी सुरेश त्यागी, संगठन मंत्री नरेश कुमार, मीडिया प्रभारी केतन भारद्वाज, जिला कोषाध्यक्ष राम भरोसे, जिला सह प्रभारी सुरेश पाल, प्रांत प्रभारी डॉ. भास्कर ओली, देशबंधु सैनी सहित बड़ी संख्या में योग साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies