
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक स्थल स्थित ऐतिहासिक वटवृक्ष के समीप आर्य समाज नंद विहार एवं शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 12 दिवसीय योग शिविर का रविवार को भव्य समापन एवं सम्मान समारोह के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष योगाभ्यासियों ने भाग लेकर योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ श्रीमद् दयानंद कन्या गुरुकुल, चोटीपुरा की छात्राओं कु. तोषी आर्या, श्रेया आर्या एवं अदिति आर्या द्वारा ईश्वर स्तुति, प्रार्थना, उपासना, स्वस्तिवाचन मंत्रों के उच्चारण तथा भजन प्रस्तुति के साथ किया गया। आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुए कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को भारतीय संस्कृति और योग की महत्ता से जोड़ने का कार्य किया।

योगाचार्या श्रीमती सरिता बर्थवाल ने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, व्यायाम, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक उन्नति और संतुलित जीवन का आधार भी है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त जीवन जी सकता है।
इस अवसर पर शिविर के प्रारम्भ से लगातार योगाभ्यास करने वाले साधकों को आर्य समाज नंद विहार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी, शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के अध्यक्ष नीरज सैनी, योगाचार्या श्रीमती सरिता बर्थवाल, आर्य समाज मतलबपुर के मास्टर सोमपाल सैनी, डॉ. जयपाल सिंह एवं उपस्थित मातृशक्ति द्वारा ओ३म् अंकित अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में योग दिवस के अवसर पर बालक-बालिकाओं युक्ति एवं चारू को महान क्रांतिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेने हेतु "हमारे अमर क्रांतिकारी" पुस्तक भेंट की गई। आयोजकों ने कहा कि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, संस्कार और चरित्र निर्माण के मूल्यों का विकास करना समय की आवश्यकता है।योग शिविर में पुष्पेंद्र आर्य (मंत्री, आर्य समाज नंद विहार), सुखवीर आर्य (कोषाध्यक्ष), दीपा सैनी, सोनू सैनी, नीतू चौधरी, सुरेंद्र रोड, रविंद्र सैनी, प्रिया, ललिता, लक्ष्मीचंद, प्रणव, शारदा, संगीता, अदिति, नीतू, वैदिका, बबीता, निशा, अंजलि वर्मा, संजय त्यागी, नीरज चौहान सहित अनेक योग साधकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन सभी के सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना के साथ किया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies