दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना के बाद अग्नि सुरक्षा को लेकर रुड़की में फायर विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को फायर ब्रिगेड की टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी में विशेष फायर ऑडिट अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा छात्र-छात्राओं को आग से बचाव की जानकारी देकर जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हरिद्वार के आदेश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रुड़की के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रुड़की क्षेत्र के एस.एस. क्लासेस रामनगर, रिनाउन क्लासेस रामनगर, चाणक्य क्लासेस वसंत विहार मकतूलपुरी, छाया कोचिंग सेंटर रामनगर तथा ग्लोबल लाइब्रेरी (हेमंत हॉस्पिटल के निकट) का विस्तृत फायर ऑडिट किया गया।

निरीक्षण के दौरान फायर सुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत व्यवस्था तथा अग्निशमन संसाधनों की जांच की गई। साथ ही अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और संस्थान संचालकों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, आपातकालीन निकासी और प्राथमिक बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

फायर विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन कर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी अग्नि सुरक्षा संबंधी जानकारी में रुचि दिखाई और फायर विभाग द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से अपनाने का संकल्प लिया। फायर विभाग ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखने की बात कही।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies