News

24-06-2026 15:04:33

मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील, पुलिस ने की अखाड़ा प्रतिनिधियों के साथ बैठक

दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::


रुड़की। आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत गंगनहर कोतवाली में पुलिस उपाधीक्षक सुश्री ओशिन जोशी की अध्यक्षता में नगर क्षेत्र के विभिन्न मुस्लिम समुदायों के अखाड़ों एवं ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोहर्रम के जुलूसों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


सीओ ओशिन जोशी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कोई नई परंपरा, नया मार्ग अथवा नए प्रकार का जुलूस प्रारंभ नहीं किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ वीडियो या संदेश प्रसारित करने पर पूर्ण प्रतिबंध की बात कहते हुए सभी से जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक त्योहार शांति, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है तथा मोहर्रम के अवसर पर भी सभी को शालीनता एवं साम्प्रदायिक सद्भाव का परिचय देते हुए कार्यक्रमों का आयोजन करना चाहिए।


बैठक में विभिन्न अखाड़ों के खलीफाओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। उन्होंने 10 मोहर्रम के दिन यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा बाजार क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की। शिया समुदाय के प्रतिनिधियों ने पूर्व वर्षों की भांति मातमी जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से निकालने का भरोसा दिलाया।


कोतवाली प्रभारी मणि भूषण श्रीवास्तव ने कहा कि अखाड़ों के जिम्मेदार पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी असामाजिक तत्व जुलूस में शामिल होकर माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने का प्रयास न करे। वहीं सिविल लाइंस कोतवाली के एसएसआई धर्मेंद्र राठी ने कहा कि पुलिस इस बात पर भी विशेष नजर रखेगी कि जुलूस या अखाड़ों में शामिल कोई भी युवक नशे की हालत में हुड़दंगबाजी न करे।


संयुक्त मुस्लिम अखाड़ा परिषद के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलोरी ने कहा कि रुड़की की पहचान आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब से है। यहां मोहर्रम, रामलीला, कांवड़ यात्रा, ईद और होली जैसे सभी पर्व विभिन्न समुदायों के लोग मिल-जुलकर प्रेम और सद्भाव के साथ मनाते हैं।


बैठक में विकास त्यागी, सलमान फरीदी (एसपीओ), सोनू साबरी, ताजिया कमेटी अम्बर तालाब के सदर मोहम्मद याकूब, इंडियन अंजुमन अखाड़ा के शावेज, शाहरुख, अकबरी अखाड़ा आजादनगर के अखलाक एवं नसीर, साबरी अखाड़ा के अरमान तथा शाने अकबरी अखाड़ा के रियाज साबरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अफजल मंगलोरी ने किया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies