News

24-06-2026 21:23:25

पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन पर मुकदमा दर्ज, जातिसूचक शब्दों व जान से मारने की धमकी का आरोप

दैनिक रुड़की ब्यूरो::


लक्सर। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह के खिलाफ लक्सर कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पूर्व विधायक ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जातिसूचक शब्द कहे तथा जान से मारने और महिलाओं के साथ दुष्कर्म कराने की धमकी दी।


पुलिस को दी गई तहरीर में जोगेंद्र कुमार निवासी शांतारशाह, बहादराबाद ने बताया कि 22 जून को वह एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उनके साथ बहनोई संजीव कुमार भी मौजूद थे। आरोप है कि जेके टायर फैक्ट्री के सामने एक वाहन ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक करते हुए हाथ मारा। बाद में जानकारी मिली कि संबंधित वाहन पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन का था।

तहरीर के अनुसार अगले दिन संजीव कुमार के पास कोतवाली से फोन आया। इसी दौरान एक परिचित के मोबाइल से पूर्व विधायक से बातचीत हुई। आरोप है कि बातचीत के दौरान पूर्व विधायक ने करीब चार मिनट तक गाली-गलौज की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया। साथ ही जान से मारने और महिलाओं के साथ दुष्कर्म कराने की धमकी भी दी।शिकायतकर्ता ने पूर्व विधायक को दबंग और गुंडा प्रवृत्ति का व्यक्ति बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि दर्ज मुकदमे में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह उक्त ऑडियो को एआई एनिमेटिड बता चुके है अब पुलिस जांच में उक्त ऑडियो की सच्चाई सामने आ पाएगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies