News

01-07-2026 08:43:11

कूड़ेदान से बना खूबसूरत पार्क, रोटरी क्लब और नगर निगम की पहल से बदली सिविल लाइंस की तस्वीर

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। एसडीएम चौक से आईआईटी की ओर जाने वाले मार्ग स्थित 53 सिविल लाइंस क्षेत्र में वर्षों से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना कूड़ेदान अब एक सुंदर एवं आकर्षक पार्क के रूप में विकसित हो गया है। रोटरी क्लब और नगर निगम की संयुक्त पहल से तैयार इस पार्क का लोकार्पण मेयर अनीता अग्रवाल और रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

लोकार्पण समारोह में मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि यह पहल "स्वच्छ रुड़की, सुंदर रुड़की" अभियान को नई दिशा देने वाली है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान से कभी लोगों को दुर्गंध के कारण गुजरना मुश्किल होता था, वहीं अब बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के टहलने और स्थानीय लोगों के बैठकर समय बिताने के लिए एक सुंदर पार्क तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए नगर निगम आगे भी ऐसे प्रयास जारी रखेगा।

रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश ने कहा कि समाजसेवा केवल स्वास्थ्य और शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध कराना भी सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब भविष्य में भी नगर निगम के साथ मिलकर जनहित के कार्य करता रहेगा।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कूड़े के ढेर की जगह पार्क बनने से पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल गई है। इससे न केवल स्वच्छता बढ़ी है, बल्कि आसपास का वातावरण भी अधिक सुंदर और सकारात्मक हो गया है। पार्क के निर्माण से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर पार्षद सतवीर सिंह 'राजू', शालिनी प्रकाश, डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान चैंपियन मुजीब मलिक, डॉ. अचल मित्तल (एएलएफ), क्लब अध्यक्ष सानिया मलिक, क्लब सचिव रुचि हांडा, क्लब कोषाध्यक्ष आक्सा मलिक, आयुष बाथला, मंथन माहेश्वरी (परियोजना अध्यक्ष), आक्सा मलिक, शिवम खन्ना, यथार्थ गोयल, मयंक अग्रवाल, विजय अरोड़ा, गौरव चौहान, ध्रुव सेठी आदि उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies