
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। गणेशपुर टोल प्लाजा के घेराव और धरने की घोषणा के बाद मंगलवार सुबह किसान नेताओं को उनके कैंप कार्यालय पर ही पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर दिया। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों और टोल प्लाजा प्रबंधन ने किसान नेताओं से वार्ता की। लंबी बातचीत में किसानों की अधिकांश मांगों पर कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद भारतीय किसान यूनियन (एकता) और भारतीय किसान यूनियन (टोडा) ने फिलहाल अपना प्रस्तावित आंदोलन और टोल घेराव स्थगित कर दिया।

भारतीय किसान यूनियन (एकता) और भारतीय किसान यूनियन (टोडा) ने 1 जुलाई को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे स्थित गणेशपुर टोल प्लाजा पर घेराव और धरना देने की चेतावनी दी थी। आंदोलन से पहले ही उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारी और टोल प्लाजा के महाप्रबंधक किसान नेताओं के कैंप कार्यालय पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच लंबी वार्ता हुई।

किसान नेताओं का कहना है कि जब तक एक्सप्रेसवे और उससे जुड़ी निर्माणाधीन सड़कें पूरी तरह तैयार नहीं हो जातीं, तब तक वाहन चालकों से पूरा टोल शुल्क वसूलना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि अधूरे निर्माण के दौरान लोगों से पूरा टोल न लिया जाए। इसके अलावा टोल प्लाजा की सभी लेन नियमित रूप से संचालित करने, टोल कर्मियों द्वारा वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार पर रोक लगाने तथा 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय लोगों को टोल शुल्क से मुक्त करने की मांग भी उठाई गई।

भाकियू (एकता) के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरमान त्यागी और भाकियू (टोडा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन टोडा के नेतृत्व में हुई वार्ता में उत्तर प्रदेश पुलिस के निरीक्षक सतेंद्र कुमार और टोल प्लाजा के महाप्रबंधक शादाब शामिल रहे। वार्ता के दौरान अधिकारियों ने किसानों की चार में से तीन प्रमुख मांगों पर सहमति जताई, जबकि शेष मांगों के समाधान के लिए संबंधित एजेंसियों के समक्ष प्रभावी ढंग से मामला उठाने और जल्द कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।
किसान नेताओं ने कहा कि प्रशासन और टोल प्रबंधन के आश्वासन को देखते हुए फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसान संगठन दोबारा बड़े स्तर पर टोल प्लाजा का घेराव करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों और आम जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर भाकियू (टोडा) के प्रदेश अध्यक्ष नाजिम अली, जिलाध्यक्ष मुबारिक अली, मनोज खटका, भाकियू (एकता) के जिलाध्यक्ष सोनू त्यागी, राष्ट्रीय सचिव हारून त्यागी, ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल करीम, जावेद, हाजी याकूब, समीर, आरिफ, अमजद, शारुख, राव इसरार, नदीम, शोएब, जिशान, बाहर आलम, रवि, कामिल प्रधान सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies