
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान कलियर विधायक फुरकान अहमद ने विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में कथित फर्जी वोट होने का मामला उठाया है। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों से ऐसे नामों की गहन जांच कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि कलियर विधानसभा क्षेत्र के शांतरशाह स्थित बूथ संख्या 48 की मतदाता सूची में करीब 100 से अधिक वोट संदिग्ध हैं। उनका आरोप है कि इन सभी मतदाताओं के पिता का नाम रामदेव दर्ज है, जो प्रथम दृष्टया संदेह पैदा करता है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में एक ही पिता के नाम पर मतदाताओं का दर्ज होना गंभीर जांच का विषय है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। ऐसे में यदि किसी बूथ पर फर्जी या त्रुटिपूर्ण तरीके से नाम दर्ज हुए हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

विधायक ने मांग की कि बूथ संख्या 48 की मतदाता सूची की विशेष जांच कराई जाए और यदि जांच में ये वोट फर्जी पाए जाते हैं तो उन्हें तत्काल मतदाता सूची से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाता सूची का शुद्ध होना बेहद जरूरी है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies