News

02-07-2026 20:37:35

ऐन वक्त पर रोजगार मेला रद्द, विधायक वीरेंद्र जाती ने सरकार पर लगाए राजनीतिक भेदभाव के आरोप

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की/झबरेड़ा। झबरेड़ा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाती ने रोजगार मेले की अनुमति ऐन वक्त पर निरस्त किए जाने पर भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3 जुलाई को रोजगार मेले का आयोजन प्रस्तावित था, जिसकी अनुमति शासन-प्रशासन से मिल चुकी थी और इसकी व्यापक तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं।

विधायक ने बताया कि रोजगार मेले के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों को भी आमंत्रित किया गया था। इस मेले के माध्यम से क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद थी। लेकिन गुरुवार शाम जिला सेवायोजन अधिकारी ने उन्हें सूचित किया कि अतिवृष्टि की आशंका के चलते मेले को रद्द कर दिया गया है। विधायक ने बताया कि जिस स्थान पर रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा था वहां बारिश से बचाव के पूरे इंतजाम थे युवाओं को कोई दिक्कत न हो इसका पूरा ध्यान रखा गया था।

वीरेंद्र जाती ने आरोप लगाया कि यह फैसला केवल मौसम का हवाला देकर लिया गया है, जबकि इसके पीछे सरकार की राजनीतिक मंशा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नहीं चाहती कि युवाओं को रोजगार मिले और यह निर्णय युवाओं की भावनाओं पर कुठाराघात है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार के कुछ नुमाइंदे नहीं चाहते थे कि उनके प्रयासों से यह रोजगार मेला आयोजित हो। विधायक ने कहा कि युवाओं के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और वह इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies