
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। नगर निगम ने शनिवार को सिविल लाइन से गांधी वाटिका मार्केट तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान गांधी वाटिका मार्केट के बाहर पहले नगर निगम के माध्यम से बनाए गए स्लैब और लोहे की रेलिंग को भी जेसीबी की मदद से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान फ्रेंड्स क्लब के पदाधिकारियों ने अधिकारियों को बताया कि उक्त निर्माण नगर निगम के माध्यम से कराया गया था। इस पर अधिकारियों ने दोबारा निर्माण कराने का आश्वासन दिया।

अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने कई दुकानदारों के चालान भी काटे और उन्हें सख्त चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किया गया या दुकान के बाहर गंदगी फैलाई गई तो उनके खिलाफ चालान के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
सहायक नगर आयुक्त अमरजीत कौर और कर अधीक्षक एस.पी. गुप्ता ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद नगर निगम की टीम ने नेहरू स्टेडियम के सामने नहर पुल के पास फुटपाथ पर अवैध रूप से झोपड़ियां बनाकर कब्जा किए बैठे लोगों को भी हटाया और सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies