
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर । धनौरी में हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज के संस्थापक शिक्षाऋषि स्वर्गीय डॉ. तेजवीर सिंह सैनी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।


सोमवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज के संस्थापक स्वर्गीय डॉ तेजवीर सिंह की श्रद्धाजंलि सभा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति की अध्यक्ष सुमन देवी ने तथा संचालन उप प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार ने किया।कार्यक्रम संयोजक डॉ. दीपमाला कौशिक ने सभी का आभार व्यक्त किया।इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. तेजवीर सिंह सैनी ने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाई।
उन्होंने चार दशक पहले पिछड़े क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया। उनके लिए शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा का सबसे सशक्त साधन थी।बाल कल्याण समिति की पूर्व अध्यक्ष अंजना सैनी ने कहा कि डॉ. सैनी ने अपना पूरा जीवन शिक्षा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। महाविद्यालय के संरक्षक राजवीर सिंह ने कहा कि उनका सपना आज भी संस्थानों के माध्यम से साकार हो रहा है।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने डॉ. सैनी के साथ जुड़े अपने संस्मरण भी साझा किए।कार्यक्रम को डॉ. हर्ष सैनी, डॉ. आदित्य सैनी और प्राचार्य प्रो. मुनेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर डॉ. अंकित सैनी,अर्जुन चौहान, मांगेराम सैनी,रीमा जैन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies