News

07-07-2026 14:08:53

रुड़की में 2 करोड़ की हेरोइन बरामद, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 980 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी दबोचा; सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::

रुड़की। हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब दो करोड़ रुपये कीमत की 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने लाठरदेवा अंडरपास के पास कार्रवाई करते हुए पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इसमें शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 6 जुलाई को कोतवाली गंगनहर पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक ने पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड में पन्नी में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38 वर्ष), पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के उद्देश्य से लाया था। पुलिस अब उससे मिली जानकारी के आधार पर हेरोइन की सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क की तलाश कर रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल यूनुस बेग, तेजपाल सिंह, रघुवीर सिंह, अशोक तिवारी, कांस्टेबल देवेश सिंह, नितिन कुमार, प्रभाकर, रवि कुमार एवं संतोष कुमार शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies