
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) ने राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसानों का आरोप है कि पिछले चार वर्षों से लगातार अधिकारियों के चक्कर काटने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। किसानों ने देर शाम तक अधिकारियों के जवाब का इंतजार किया, लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर रात में भी कार्यालय परिसर में ही डटे रहे।

भाकियू (क्रांति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सिंह सैनी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने के लिए सर्विस लेन बनाने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक उसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन स्थानों पर अंडरपास बनाए गए हैं, उनकी ऊंचाई और चौड़ाई पर्याप्त नहीं है। ऐसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली, स्कूल बसें और अन्य बड़े वाहन वहां से नहीं निकल पाते, जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि राजमार्ग निर्माण के बाद गांवों के संपर्क मार्गों और किसानों के खेतों में भारी जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। इससे किसानों को खेतों तक पहुंचने और पशुओं के लिए चारा लाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार अधिकारियों को शिकायत देने और मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
वहीं, इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के जूनियर इंजीनियर आकाश सिंह ने बताया कि संबंधित स्थलों का सर्वे कराया जा चुका है। भूमि की स्थिति के अनुसार केंद्रीय कार्यालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है। वहां से जैसे ही दिशा-निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के अनुरूप आवश्यक कार्य कराया जाएगा।
धरने में संदीप सैनी, प्रधान देवराज सिंह, पदम सिंह, सहदेव कुमार, गजे सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies