News

09-07-2026 10:58:01

12 घंटे की मूसलाधार बारिश से रुड़की बेहाल, सड़कें बनीं दरिया, घरों में घुसा पानी, नगर निगम के दावों की खुली पोल

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। पिछले करीब 12 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने रुड़की और आसपास के क्षेत्रों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के अधिकांश इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मुख्य सड़कें नहर जैसी दिखाई देने लगीं, जबकि कई मोहल्लों में लोगों के घरों में बारिश का पानी घुसने से घरेलू सामान खराब हो गया और लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। लगातार बरसते पानी के कारण आमजन का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।

मानसून की इस तेज बारिश ने नगर निगम के मानसून पूर्व तैयारियों और दावों की भी पोल खोल दी। जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कई ऐसे स्थान भी जलमग्न हो गए, जहां पहले कभी पानी भरने की समस्या नहीं होती थी। नालों की सफाई और जल निकासी के इंतजाम कागजों तक सीमित नजर आए।

शहर के रामपुर चुंगी, रामनगर, कृष्णा नगर, गीतांजलि विहार, प्रीत विहार, मालवीय चौक, गणेशपुर, आदर्श नगर, इमली रोड, गुलाब नगर सहित दर्जनों कॉलोनियों और मोहल्लों में भारी जलभराव होने से लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी। कई जगहों पर सड़क और नालों का अंतर खत्म हो गया, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए, जबकि कई चारपहिया वाहन भी जलभराव में फंस गए।

निचले इलाकों में हालात और अधिक गंभीर रहे। कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे फर्नीचर, विद्युत उपकरण, खाद्यान्न और अन्य घरेलू सामान खराब हो गया। लोगों ने स्वयं बाल्टियों और मोटरों की मदद से घरों से पानी निकालने का प्रयास किया, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण राहत नहीं मिल सकी।

बारिश का असर बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। अधिकांश बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम रही और कई दुकानों के बाहर भी पानी भर जाने से व्यापार प्रभावित हुआ। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक मजदूरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही तेज बारिश में पूरे शहर की व्यवस्था चरमरा जाती है। नागरिकों ने नगर निगम से जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पंप लगाकर पानी निकासी कराने तथा स्थायी समाधान की मांग की है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies