News

09-07-2026 16:29:31

आवारा कुत्तों के हमले में सात वर्षीय मासूम घायल, लोगों ने बचाई जान-बेडपुर में खेलते समय कुत्तों के झुंड ने किया हमला....

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::



पिरान कलियर। नगर पंचायत क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को बेडपुर में खेल रहे सात वर्षीय मासूम पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। घायल बच्चे का रुड़की सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।


जानकारी के अनुसार बेडपुर निवासी आबाद का सात वर्षीय पुत्र नबी घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों का एक झुंड उस पर टूट पड़ा और उसे कई जगह काटकर घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे कुत्तों से छुड़ाया। घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को तत्काल रुड़की सिविल अस्पताल ले गए,जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे पहले भी वार्ड नंबर चार में स्कूल जा रहे एक बच्चे पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था। उस समय बच्चे के पिता ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित बचा लिया था।लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है।स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत से आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों को चिन्हित करने का अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही उन्हें पकड़कर एबीसी (Animal Birth Control) सेंटर भेजा जाएगा।ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies