
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों के घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पानी घुस गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है।

शुक्रवार को विधायक फुरकान अहमद ने रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ और तहसीलदार के साथ ब्रह्मपुर सहित विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को जल निकासी की तत्काल प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है।
उन्होंने कहा कि लोगों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन के साथ बढ़ेड़ी राजपूताना और ब्रह्मपुर समेत अन्य स्थानों पर मौके का निरीक्षण किया गया है और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द पानी की निकासी कर स्थिति सामान्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies