दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत मखदूम अलाुद्दीन अली अहमद साबिर पाक में हुई बारिश के बाद जलभराव की समस्या को लेकर विधायक हाजी फुरकान अहमद एक बार फिर मुखर नजर आए। शुक्रवार को विधायक दरगाह कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए दरगाह क्षेत्र के विकास कार्यों में हो रही देरी पर गंभीर सवाल उठाए।
विधायक ने कहा कि मानसून की पहली ही तेज बारिश ने दरगाह परिसर में जल निकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी। परिसर में पानी भर जाने से जायरीन और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने स्वयं प्रयास कर पानी को दरगाह के मुख्य स्थल तक पहुंचने से रोकने की कोशिश की,जबकि ऐसी व्यवस्था प्रशासन की ओर से पहले से होनी चाहिए थी।हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि वह लंबे समय से दरगाह क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं। जल निकासी, सड़क,धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास कार्यों को लेकर उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर पत्राचार किया है। उन्होंने बताया कि रुड़की साबरी सराय रेलवे स्टेशन स्थित मस्जिद, दरगाह इमाम साहब की मस्जिद तथा दरगाह साबिर पाक परिसर से जुड़ी चार मस्जिदों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत के लिए शासन स्तर से धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सके हैं।विधायक ने दरगाह कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई संस्था या व्यक्ति धार्मिक स्थलों के विकास के लिए आगे आता है तो उसे भी विभिन्न स्तरों पर परेशान किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों से पारदर्शी व्यवस्था अपनाकर लंबित कार्यों को शीघ्र शुरू कराने की मांग की।उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दरगाह क्षेत्र के विकास को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि दरगाह के पास पर्याप्त संसाधन और पैसा होने के बावजूद विकास कार्य गति नहीं पकड़ पा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों और देशभर से आने वाले जायरीन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।विधायक ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने रुड़की के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार/दरगाह प्रबंधक से भी वार्ता की जिस पर उन्हें अवगत कराया कि जल निकासी से संबंधित कार्य का टेंडर नगर पंचायत पिरान कलियर को दिया गया है। विधायक ने कहा कि अब इस कार्य को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाना चाहिए ताकि भविष्य में बारिश के दौरान दरगाह परिसर में जलभराव की पुनरावृत्ति न हो।क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि विधायक फुरकान अहमद लगातार दरगाह क्षेत्र की समस्याओं को शासन और प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं। उनका मानना है कि यदि संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से विकास कार्यों को पूरा करें तो विश्व प्रसिद्ध दरगाह में आने वाले लाखों जायरीन को बेहतर सुविधाएं मिल।इस दौरान इस्तेकार प्रधान, प्रवेज मलिक,सलीम पीर जी ,अफजल अहमद समेत अन्य मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies