
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। मालवीय चौक स्थित निर्वाण आश्रम में शनिवार को राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी की सांसद निधि से उपलब्ध कराई गई नई अंतिम यात्रा बस का लोकार्पण किया गया। बस का संयुक्त रूप से उद्घाटन राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और मेयर अनीता अग्रवाल ने किया। करीब 30 लाख रुपये की लागत से मंगवाई गई यह बस अब रुड़की से हरिद्वार अंतिम संस्कार के लिए जाने वाले लोगों को बड़ी राहत देगी।

निर्वाण आश्रम में अब तक केवल एक अंतिम यात्रा बस उपलब्ध थी। ऐसे में जब वह बस किसी अंतिम संस्कार के लिए बाहर जाती थी तो अन्य परिवारों को काफी इंतजार और परेशानी का सामना करना पड़ता था। दूसरी बस के संचालन से अब जरूरतमंद परिवारों को समय पर वाहन उपलब्ध हो सकेगा और अंतिम संस्कार की व्यवस्था अधिक सुगम हो जाएगी।

राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने कहा कि दुःख की घड़ी में लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यही इस पहल का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जनसेवा केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की ऐसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करना भी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। नई अंतिम यात्रा बस से क्षेत्र के हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि अंतिम यात्रा बस जैसी सुविधाएं समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि यह बस जरूरत के समय लोगों का सहारा बनेगी और नागरिकों को सम्मानजनक ढंग से अपने परिजनों की अंतिम यात्रा संपन्न कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने निर्वाण आश्रम के पदाधिकारियों के प्रयासों की भी सराहना की।
मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि नगरवासियों की लंबे समय से दूसरी अंतिम यात्रा बस की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब नई बस मिलने से लोगों को राहत मिलेगी और किसी भी परिवार को वाहन के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम और जनप्रतिनिधि नागरिकों की हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर निर्वाण आश्रम के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा,उपाध्यक्ष अशोक भूटानी,रवि शंकर,कोषाध्यक्ष डीपी सिंह,सचिव रमेश रावल,सह सचिव राकेश सखूजा,रमेश भटेजा,गोपाल भटेजा,विजय गुप्ता,विजय दुआ,गौरी शंकर गुप्ता,दलीप मेहंदीरत्ता,राम सिंह यादव,महेंद्र काला,चंचल वाधवा,ज्योति अरोरा,रवि प्रकाश,रमन गोगिया,चंदन अनेजा,पवन हांडा,दीपक अग्रवाल,दीपक शर्मा,आदर्श कपानिया,अक्षय प्रताप सिंह,वाईपी सिंह,पवन तोमर,बृज मोहन शर्मा आदि मौजूद रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies