
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
लक्सर। हिन्द मजदूर किसान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रमोहन ने युवाओं से नशे और जातिवाद जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आज देश को सबसे अधिक जरूरत समाज में भाईचारा, समानता और इंसानियत की है। उन्होंने "फसल से पहले नस्ल बचाओ", "नशे के जहर और जाति के कहर से बचो-बचाओ" तथा "पढ़ाई-दवाई एक समान फ्री करवाओ" का नारा देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए।

लक्सर के पुरकाजी रोड स्थित वेंकट हॉल में आयोजित एक विशाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंद्रमोहन ने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसकी जाति या धर्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म और चरित्र से होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से जाति और धर्म से ऊपर उठकर एक इंसान के रूप में जीवन जीने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति जन्म से शूद्र पैदा होता है और बाद में समाज द्वारा उसे विभिन्न जातियों में विभाजित कर दिया जाता है। उनका कहना था कि ब्राह्मण, दलित, यादव, गुर्जर सहित अन्य नाम मूल रूप से जातियां नहीं बल्कि सामाजिक पद हैं, जिनका उल्लेख मनुस्मृति में भी मिलता है। उन्होंने कहा कि समाज को जातियों में बांटकर राजनीति करने वालों को जनता को जवाब देना होगा और बताना होगा कि जातीय विभाजन से समाज को क्या लाभ हुआ।

चंद्रमोहन ने कहा कि नशे और जाति के कहर से दूर होकर ही ईश्वर की प्राप्ति संभव है। उन्होंने कहा कि नशा और जातिवाद दोनों ही समाज को कमजोर करते हैं। यदि देश और समाज को मजबूत बनाना है तो युवाओं को इन दोनों बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता और मानवता के मार्ग पर चलना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि देश में प्रत्येक नागरिक को बिना भेदभाव के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में चंद्रमोहन ने उपस्थित हजारों लोगों को जनेऊ धारण करवाया तथा सभी को सामाजिक समरसता, सद्भाव, नशामुक्त और जातिवाद-मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की उपस्थिति रही।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies