
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। आर्मी वेलफेयर एजुकेशन सोसायटी (एडब्ल्यूईएस) मुख्यालय मध्य कमान के निदेशक सेवानिवृत्त कर्नल बी. पी. सिंह ने शनिवार को आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर-2, रुड़की का दौरा कर विद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा व्यवस्था, अनुशासित वातावरण और नवाचारों की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की।

विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य संदीप पंत ने पुष्पगुच्छ भेंट कर निदेशक का स्वागत किया। इस दौरान विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने परंपरागत अंदाज में उन्हें सम्मान गार्ड प्रदान किया। इसके बाद प्रधानाचार्य ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, बोर्ड परीक्षा परिणामों, अधोसंरचना विकास, डिजिटल शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान सेवानिवृत्त कर्नल बी. पी. सिंह ने विद्यालय परिसर, स्मार्ट कक्षाओं, प्रयोगशालाओं तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया, उनकी पढ़ाई और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली तथा शिक्षकों से शिक्षण पद्धति और विद्यालय की कार्यप्रणाली पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सर्वांगीण विकास पर दिया जा रहा ध्यान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ की कार्यशैली की सराहना करते हुए इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
दौरे के समापन पर सेवानिवृत्त कर्नल बी. पी. सिंह ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies