
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भारत विकास परिषद "अविरल गंगा" शाखा, रुड़की एवं धवन आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रामनगर स्थित धवन आई हॉस्पिटल में निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी आंखों की जांच कराई तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री आदेश सैनी, भारत विकास परिषद एनसीआर-1 के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, राष्ट्रीय सह संयोजक (प्रकाशन) तरुण शर्मा तथा राष्ट्रीय पर्यावरण संयोजक राहुल गर्ग का क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सत्येंद्र मित्तल एवं धवन आई हॉस्पिटल के निदेशक एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ऐश्वर्य धवन ने पौधा एवं फल भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा ने कहा कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना अत्यंत सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि समय पर नेत्र रोगों की पहचान और उपचार से अनेक लोगों की दृष्टि बचाई जा सकती है। भारत विकास परिषद "अविरल गंगा" शाखा और धवन आई हॉस्पिटल द्वारा शुरू किया गया यह अभियान समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
शिविर में सभी वर्गों के लोगों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच की गई। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की भी व्यवस्था की गई, जिससे बड़ी संख्या में मरीज लाभान्वित हुए।
धवन आई हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. ऐश्वर्य धवन ने कहा कि जनसेवा ही अस्पताल का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने घोषणा की कि भारत विकास परिषद "अविरल गंगा" शाखा के सहयोग से अब प्रत्येक सप्ताह अस्पताल में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया जाएगा। शिविर में आने वाले जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन भी किए जाएंगे, ताकि आर्थिक अभाव किसी की आंखों के उपचार में बाधा न बने।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी सेवा कार्य लगातार जारी रखने का संकल्प लिया।इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष रीति वर्मा, सचिव बबीता, महिला सहभागिता संयोजक नीलम मधोक, डॉ. संगीता, प्रीति अग्रवाल, नीरज मित्तल, प्रवीण चड्ढा, सुगंध जैन, नीलम शर्मा, सतीश जैन, मधु जैन, मुकुल गर्ग, विमलेश गिरी, आभा गर्ग, पीयूष गर्ग, प्रदीप वधावन, उर्मिल पुंडीर, दिव्या, ममता सहित भारत विकास परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies