
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। पिरान कलियर क्षेत्र में रहस्यमय ढंग से लापता हुए व्यक्ति का शव शुक्रवार को मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित आसफनगर झाल से बरामद होने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के नेहन्दपुर सेठारी गांव निवासी 45 वर्षीय मुकेश कुमार सोमवार सुबह रोजाना की तरह ज्वालापुर काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन बंद मिला। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लगा।
बुधवार को परिजन तलाश करते हुए पिरान कलियर पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि मुकेश कुमार की बाइक कांवड़ पटरी मार्ग पर लावारिस हालत में मिली थी। कलियर पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली में रख लिया था। इसके बाद पत्नी अंजू की तहरीर पर कलियर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
गुरुवार को मामले ने उस समय दुखद मोड़ ले लिया, जब मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के आसफनगर झाल से एक शव बरामद हुआ। पहचान मुकेश कुमार के रूप में होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies