
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। रामनगर में नालों की सफाई के दौरान दुकानों के सामने बने स्लैब तोड़े जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को आक्रोशित दुकानदारों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नगर निगम प्रशासन के प्रति अपना रोष व्यक्त किया।
दुकानदारों का आरोप है कि नाला सफाई के नाम पर बिना पूर्व सूचना और बिना व्यापारियों से बातचीत किए उनकी दुकानों के सामने बने स्लैब तोड़ दिए गए, जबकि यही स्लैब दुकानों तक आने-जाने का मुख्य मार्ग थे। व्यापारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से उनके व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

आक्रोशित व्यापारियों ने रुड़की नगर निगम के मुख्य नगर आयुक्त के नाम एक लिखित शिकायती ज्ञापन क्षेत्रीय पार्षद पंकज सतीजा को सौंपा, जिसमें मांग की गई है कि दुकानों के सामने तोड़े गए स्लैबों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए। साथ ही यदि नालों के ऊपर बने स्लैब हटाने की कार्रवाई की जाती है तो पूरे क्षेत्र में समान रूप से की जाए, न कि चुनिंदा दुकानदारों पर।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर तोड़े गए स्लैब दोबारा नहीं बनाए गए, तो नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ उग्र आंदोलन एवं जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।इस दौरान व्यापारियों में पीयूष चड्ढा, शावेज, आलोक, यूनुस, सलमान फरीद, जेदेह और राज सिंह सहित कई दुकानदार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि उनकी मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies