
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। इनर व्हील क्लब रुड़की स्पार्कल्स का अधिष्ठापन समारोह रविवार को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2025-26 की कार्यकारिणी ने अपना सफल कार्यकाल पूरा करने के बाद वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी को विधिवत दायित्व सौंपा। इस दौरान सेवा, समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ नई टीम ने कार्यभार ग्रहण किया।

नई कार्यकारिणी में स्तुति गोयल ने अध्यक्ष, सीमा भाटिया ने उपाध्यक्ष, चांदनी मांगलिक ने सचिव, स्वीटी अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष, मीता भाटिया ने आईएसओ तथा शुबि मसूद ने संपादक का पदभार संभाला। सभी पदाधिकारियों ने क्लब के उद्देश्यों के अनुरूप पूरी निष्ठा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह की मुख्य अतिथि रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल रहीं। वहीं हेमा पंत, सुजाता आहूजा, शशि कीर और सीमा जैन सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।समारोह के दौरान क्लब ने सेवा कार्यों की मिसाल पेश करते हुए एक जरूरतमंद छात्रा को विद्यालय आने-जाने के लिए साइकिल भेंट की। एक अन्य छात्रा की स्कूल फीस जमा कर उसकी शिक्षा जारी रखने में सहयोग किया गया। इसके अलावा चलने-फिरने में असमर्थ एक जरूरतमंद महिला को व्हीलचेयर और एक जरूरतमंद परिवार को राशन उपलब्ध कराया गया।

हरेला पर्व के अवसर पर क्लब ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सदस्यों की बेटियों के जन्मदिन पर एक पौधा भेंट करने की वर्षभर चलने वाली पहल शुरू करने की घोषणा की। साथ ही ई-वेस्ट से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया तथा क्लब सदस्यों द्वारा एकत्रित ई-वेस्ट को पुनर्चक्रण के लिए आईआईटी रुड़की की टीम को सौंपा गया।

नवनियुक्त अध्यक्ष स्तुति गोयल ने आगामी वर्ष में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े विभिन्न सामाजिक प्रकल्पों की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं निवर्तमान अध्यक्ष निशा सुराना ने अपने कार्यकाल में किए गए सेवा और सामाजिक कार्यों का विस्तृत विवरण साझा किया।

कार्यक्रम का संचालन क्लब की पूर्व अध्यक्ष गीता गर्ग और साक्षी त्यागी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर क्लब में नए सदस्यों का भी स्वागत किया गया। समारोह को सफल बनाने में क्लब की सभी सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies