News

7/20/2026 12:01:27 PM

यूजर चार्ज पर कांग्रेस का हल्ला बोल, एक सप्ताह में वापसी नहीं तो निगम में तालाबंदी

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::



रुड़की। यूजर चार्ज के विरोध में महानगर कांग्रेस ने सोमवार को नगर आयुक्त कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने यूजर चार्ज को जनता और व्यापारियों पर थोपा गया आर्थिक बोझ बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर यूजर चार्ज वापस नहीं लिया गया तो नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि शहर की जनता और व्यापारी लगातार यूजर चार्ज का विरोध कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम जनता की आवाज सुनने के बजाय हठधर्मिता पर उतरा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम अपने सभी संसाधन होने के बावजूद एक निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए यूजर चार्ज लागू कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता से वसूली होगी और उसका फायदा निजी कंपनी को मिलेगा, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि पहले स्मार्ट बिजली मीटर के नाम पर जनता को गुमराह किया गया और अब यूजर चार्ज के जरिए लोगों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी और इस जनविरोधी निर्णय को वापस कराने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि जब तक यह निर्णय वापस नहीं होता, तब तक यूजर चार्ज का भुगतान न करें।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए एक सप्ताह का समय दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो नगर निगम में तालाबंदी कर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

वहीं नगर आयुक्त ने कांग्रेस नेताओं को बताया कि यूजर चार्ज का प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड की बैठक में पारित हो चुका है तथा शासन स्तर से भी इसे लागू करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहा है।प्रदर्शन में पार्षद फजलुर्रहमान, सरदार कुलविंदर सिंह, गौरव प्रधान, लवी त्यागी, युनुस, रिजवान, नीरज सैनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies