
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं गौशाला सभा चावमंडी रुड़की के अध्यक्ष प्रमोद गोयल को उत्तराखंड गौ सेवा आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं, गौसेवकों और सामाजिक संगठनों में खुशी का माहौल है। समर्थकों ने इसे गौ संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में उनके लंबे समय से किए जा रहे कार्यों का सम्मान बताया है।

प्रमोद गोयल लंबे समय से गौ सेवा और सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं। चावमंडी स्थित गौशाला के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने गौवंश के संरक्षण, देखभाल और गौशाला के विकास के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है। इसके साथ ही वे भाजपा संगठन में भी लंबे समय से विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं।

उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के सदस्य बनाए जाने पर प्रमोद गोयल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश नेतृत्व और संगठन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा गौशालाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
उनकी नियुक्ति पर भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव का लाभ गौ सेवा आयोग और प्रदेश की गौशालाओं को मिलेगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies