
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
देहरादून/रुड़की। पिरान कलियर के विधायक फुरकान अहमद और उत्तराखंड कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अंसारी ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ से मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था, कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था और मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकरों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।


मुलाकात के दौरान विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के साथ कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके। उन्होंने मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए जाने के मुद्दे पर भी चर्चा करते हुए इस संबंध में संतुलित और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया।उत्तराखंड कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अंसारी ने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। 
उन्होंने सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हुए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।विधायक ने बताया कि डीजीपी दीपम सेठ ने उन्हें आश्वस्त किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं और सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies