
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। हज 2027 की हज यात्रा पर जाने वाले हज यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्रीय हज समिति मुंबई ने हज आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 से बढ़ाकर अब 24 जुलाई 2026 कर दी है। जिससे उन आवेदकों को राहत मिलेगी जो पासपोर्ट जारी होने में तकनीकी देरी अथवा अन्य कारणों से समय पर आवेदन नहीं कर पाए।


उत्तराखंड राज्य हज समिति की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार हज-2027 के लिए हज आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित थी। आवेदन के लिए मिले कम समय और विभिन्न पासपोर्ट सेवा केंद्रों में तकनीकी कारणों से पासपोर्ट जारी होने में हो रही देरी को देखते हुए उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष हाजी खतीब अहमद ने केंद्रीय हज समिति मुंबई से अंतिम तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया था।उनके अनुरोध पर केंद्रीय हज समिति ने सर्कुलर जारी कर आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 जुलाई 2026 कर दी है।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि 24 जुलाई के बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन की तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने प्रदेश के सभी हज यात्रियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते केंद्रीय हज समिति की वेबसाइट अथवा 'हज सुविधा (HAJ SUVIDHA)' मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें, ताकि उन्हें हज-2027 की यात्रा में शामिल होने का अवसर मिल सके।उन्होंने कहा कि जिन आवेदकों के पास अब पासपोर्ट उपलब्ध हो गया है, वे इस बढ़ी हुई अवधि का लाभ उठाते हुए बिना विलंब आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। यह अवसर उन लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जो पहले निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर पाए थे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies