
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। देवभूमि मानवाधिकार सेवा संघ की ओर से रविवार को नेहरू नगर स्थित विवेक फार्मा डिस्ट्रीब्यूटर्स परिसर में निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर निःशुल्क औषधियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल ने शिविर का शुभारंभ कर संस्था के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सामाजिक संस्थाओं द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य समाज में जागरूकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर में वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. आकाश गुप्ता (एमडी आयुर्वेद) ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, नियमित योग, व्यायाम और अनुशासित दिनचर्या अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां भी वितरित की गईं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies