
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। महानगर जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की के नेतृत्व में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग के विरोध में रुड़की तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर तहसीलदार शुभांगी रैलीकोटिया को सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि 21 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित रूप से बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रदर्शनकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को भी हिरासत में लिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के लाखों युवाओं का भविष्य लगातार पेपर लीक जैसी घटनाओं से प्रभावित हो रहा है। ऐसे में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की आवाज सुनने के बजाय उन्हें दबाने का प्रयास नहीं करना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि जंतर-मंतर की घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, प्रदर्शनकारियों पर कथित बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, परीक्षा-पत्र लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर सजा दी जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी दोहराई गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और सरकार को इस अधिकार का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप कर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए उचित कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की।
इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी, पूर्व महापौर गौरव गोयल, पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता, विकास त्यागी, वैभव सैनी, सुशील कश्यप, विजयपाल, राव शेर मोहम्मद, सरदार हरविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies