दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के धरने को समर्थन देने और वहां मौजूद छात्रों को खाद्य सामग्री वितरित करने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय जन कल्याण रविदास धाम ट्रस्ट के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश प्रमुख को पुलिस ने उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया। इस कार्रवाई के विरोध में योगेश प्रमुख ने 30 जुलाई को शांतिपूर्ण उत्तराखंड बंद का आह्वान किया है।

योगेश प्रमुख ने कहा कि वह नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में दिल्ली जा रहे थे और धरनास्थल पर छात्रों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का कार्यक्रम था। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें घर में नजरबंद कर दिया, जिससे वह दिल्ली नहीं जा सके।

उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण से आहत होकर आत्महत्या करने वाले 18 छात्रों की स्मृति में 30 जुलाई को पूरे उत्तराखंड में शांतिपूर्ण बंद का आह्वान किया गया है। उनका कहना है कि यह बंद किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर किया जा रहा है।
योगेश प्रमुख ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित करना है तो सभी को इस शांतिपूर्ण बंद का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और इसी मांग को लेकर यह आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखते हुए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में सहयोग करने की अपील की।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies