
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ढँढेरा नगर पंचायत में चार सभासदों के नामांकन के बाद नगर पंचायत कार्यालय में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी ने नव-नामित सभासदों का पुष्पमालाएँ पहनाकर स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं।

समारोह में रेखा नेगी, कोमल चौहान, अतुल राणा और रविन्द्र बब्बर का सम्मान किया गया। नव-नामित सभासदों ने पार्टी के शीर्ष, प्रदेश और जिला नेतृत्व के साथ संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि जनसेवा उनकी पहली प्राथमिकता होगी और नगर पंचायत के सभी वार्डों के संतुलित विकास, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी ने कहा कि नगर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ढँढेरा नगर पंचायत विकास के नए आयाम स्थापित करेगी और जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरेगी।
कार्यक्रम में विजय सिंह पंवार, राव सहाबुद्दीन, गोविंद चन्ना, विकास पाल, कुंवर सिंह डंगवाल, सभासद प्रतिनिधि नदीम, सोनू पार्टी, चेयरमैन प्रतिनिधि सचिन सिल्हान, नगर पंचायत के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह का समापन नव-नामित सभासदों को शुभकामनाएँ देने और ढँढेरा नगर पंचायत के सर्वांगीण विकास तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies