News

7/24/2026 3:59:20 PM

केएल पॉलिटेक्निक के विकास पर मंथन, एलुमनाई एसोसिएशन ने सौंपा पंजीकरण प्रमाणपत्र

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। केएल पॉलिटेक्निक (केएलपी) में गुरुवार को केएलपी एलुमनाई एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं पूर्व शिक्षकों ने प्रधानाचार्य मेजर फणीन्दर कुमार से शिष्टाचार भेंट कर कॉलेज के विकास, पूर्व छात्रों के आपसी जुड़ाव और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से प्रधानाचार्य को एसोसिएशन का पंजीकरण प्रमाणपत्र भी सौंपा गया।


बैठक में एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष गर्ग, संयुक्त सचिव नवीन गुप्ता, सदस्य लक्ष्मण सिंह और राकेश कुमार के साथ वरिष्ठ शिक्षक प्रेम प्रकाश अग्रवाल एवं राकेश गर्ग मौजूद रहे। सभी ने कॉलेज की गौरवशाली परंपराओं, शैक्षणिक उपलब्धियों और छात्र जीवन से जुड़ी पुरानी यादों को साझा करते हुए संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।


एलुमनाई एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व छात्र हमेशा अपने संस्थान के प्रति समर्पित रहे हैं और भविष्य में भी कॉलेज के शैक्षणिक, तकनीकी एवं सामाजिक विकास के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और संस्थान की प्रगति के लिए विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने का भी आश्वासन दिया।


प्रधानाचार्य मेजर फणीन्दर कुमार ने एलुमनाई एसोसिएशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व छात्रों का सहयोग किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सबसे बड़ी ताकत होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि एलुमनाई और कॉलेज प्रशासन के समन्वित प्रयासों से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और संस्थान नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

इस अवसर पर एलुमनाई एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नवीन त्यागी, सचिव नंद किशोर, कोषाध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता, सदस्य सुधीर कुमार, विपिन गौतम, ललित सिंहल सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies