
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की संगठनात्मक जिला रुड़की नगर इकाई का कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर नई कार्यवाहक टीम की घोषणा कर दी गई। सर्वसम्मति से अनूप राणा को नगर अध्यक्ष, राकेश बजाज को नगर महामंत्री तथा योगेश गर्ग को नगर कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान प्रदेश, जिला और नगर नेतृत्व ने नई टीम पर भरोसा जताते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा ने कहा कि संगठन में अनुशासन और लोकतांत्रिक प्रक्रिया सर्वोपरि है। नई कार्यवाहक टीम सभी व्यापारियों को साथ लेकर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जल्द नगर इकाई के चुनाव संपन्न कराएगी। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी प्रमोद गोयल ने कहा कि रुड़की का व्यापारी वर्ग हमेशा संगठित रहा है और नई टीम व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करेगी।

प्रदेश मंत्री संजय गर्ग ने कहा कि व्यापारियों का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नई टीम व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी। वहीं प्रदेश मंत्री विश्व स्वास्थ्य सिंह और प्रदेश संगठन मंत्री प्रवीण मेहंदीरत्ता ने विश्वास जताया कि सदस्यता अभियान चलाकर शीघ्र ही रुड़की नगर इकाई के चुनाव कराए जाएंगे।
जिला अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि नई कार्यवाहक टीम निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न कराएगी और व्यापारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। जिला महामंत्री विभोर अग्रवाल ने कहा कि जिला कार्यकारिणी पूरी मजबूती के साथ नगर टीम के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर ई-रिक्शा संचालन, फल एवं रेहड़ी-ठेली विक्रेताओं की व्यवस्था तथा दुकानों के आगे लगने वाले अस्थायी ठियों से व्यापार में आ रही बाधाओं जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा।

नवनियुक्त नगर अध्यक्ष अनूप राणा, नगर महामंत्री राकेश बजाज और नगर कोषाध्यक्ष योगेश गर्ग ने संयुक्त रूप से प्रदेश एवं जिला नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता तय समय सीमा के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी और सौहार्दपूर्ण वातावरण में नगर इकाई के चुनाव संपन्न कराना होगी। उन्होंने कहा कि संगठन रुड़की के प्रत्येक व्यापारी के मान-सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव अग्रणी भूमिका निभाएगा तथा व्यापारियों की हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तत्परता से कार्य करेगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies