दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हज़रत अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक रहमतुल्लाह अलैह के 758वें सालाना उर्स/मेले की तैयारियां अब रफ्तार पकड़ने लगी हैं। उर्स में देश-विदेश से लाखों जायरीनों के आगमन को देखते हुए जहां प्रशासन अपनी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है। वहीं दरगाह से गहरी आस्था रखने वाले अकीदतमंद भी वर्षों पुरानी सेवा की परंपरा को निभाते हुए अपने खर्च पर दरगाह और उसके परिसर को सजाने-संवारने में जुट गए हैं।दरगाह प्रशासन की अनुमति के बाद अकीदतमंदों ने दरगाह शरीफ, मुख्य परिसर, सभी प्रवेश द्वारों, चारों ओर बनी सिदरिया तथा अन्य स्थानों पर रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी विभिन्न धर्मों और समुदायों से जुड़े श्रद्धालु जायरीन अपनी श्रद्धा और अकीदत का परिचय देते हुए इस सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उनका उद्देश्य उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर को आकर्षक, स्वच्छ और भव्य स्वरूप प्रदान करना है,ताकि यहां आने वाले जायरीन बेहतर वातावरण में अपनी हाजिरी दे सकें।

दरगाह साबिर पाक का 758वां सालाना उर्स रबीउल अव्वल का चांद दिखाई देने के साथ परचम कुशाई और मेहंदी डोरी की रस्म से शुरू हो जायेगा। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार उर्स की सभी धार्मिक और पारंपरिक रस्में अदा की जाएंगी, जिनमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन शामिल होंगे।साहिबज़ादा शाह यावर ऐजाज़ साबरी ने बताया कि उनकी ओर से भी सालाना उर्स/मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि उर्स की सभी रस्में सज्जादानशीन शाह अली मंज़र ऐजाज़ कुद्दूसी साबरी की सरपरस्ती में उर्स की सभी रस्मे अदा की जायेगी।
उन्होंने बताया कि अकीदतमंद पूरे उत्साह और जोश के साथ दरगाह परिसर के विभिन्न हिस्सों में रंग-रोगन और सजावट का कार्य कर रहे हैं।इस सेवा कार्य में सज्जादानशीन प्रतिनिधि शाह सुहैल मियां, नोमी मियां, यासिर मियां सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। सभी का कहना है कि दरगाह की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उर्स से पहले दरगाह परिसर को पूरी तरह तैयार और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से यह कार्य लगातार जारी रहेगा। प्रशासन भी उर्स मेले को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को पूरा करने में जुटा हुआ है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies