
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित अभद्रता के विरोध में जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) ने शुक्रवार को रुड़की में बीएसएम चौक से नगर निगम चौक तक मशाल जुलूस निकाला। जुलूस में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

मशाल जुलूस के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों और महिलाओं के साथ हुआ व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना और महिलाओं के साथ अभद्रता करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी पीड़ित छात्रों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी और अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी ने कहा कि महिलाओं पर बल प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं की शक्ति को कम आंक रही है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की।

जन अधिकार पार्टी ने केंद्र सरकार से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने, कथित दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की।

मशाल जुलूस में जिला अध्यक्ष नदीम, ग्रामीण महिला अध्यक्ष कमल, रहमत अली, अमन जैन, मास्टर रिजवान, जमाल अहमद, कुर्बान अली, सोनू अल्वी, हजरत अली, अनस मंसूरी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies