
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। इनर व्हील क्लब पैसिफिक ग्रीन्स रुड़की का अधिष्ठापन समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। समारोह में नए सत्र 2026-27 के लिए रमा गुप्ता को क्लब का अध्यक्ष पद सौंपा गया। इसके साथ ही रुमाना को उपाध्यक्ष, ऋतिका सरीन को सचिव, रेणु गोयल को कोषाध्यक्ष, सुनैना को आईएसओ तथा आरजू खान को संपादक की जिम्मेदारी दी गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पीडीसी सुजाता आहूजा रहीं। उन्होंने नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। समारोह में विभिन्न इनर व्हील क्लबों की अध्यक्ष एवं सचिव भी उपस्थित रहीं।
समारोह के दौरान क्लब की ओर से सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए एक जरूरतमंद बच्ची की सहायता की गई। वहीं, मानसून के दौरान होने वाली परेशानियों को देखते हुए प्लास्टिक संग्रह करने वाली महिला कर्मियों को छाते वितरित किए गए। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमा गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सेवा से जुड़े विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम संचालित करने की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि क्लब समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए लगातार सेवा कार्य करता रहेगा।

कार्यक्रम में क्लब की सदस्य प्रीति गुप्ता, अंजना, मनीषा, गीता सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समारोह का समापन नवगठित टीम को शुभकामनाओं और समाजसेवा के संकल्प के साथ हुआ।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies