दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। शेफिल्ड स्कूल रुड़की में आयोजित समारोह में वी-मार्क इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विकास गर्ग ने 10 दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय कर पूरी निष्ठा और लगन से मेहनत करने का संदेश देते हुए कहा कि दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि विकास गर्ग ने कहा कि शेफिल्ड स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि देश के भविष्य का निर्माण करने वाला संस्थान है। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलताओं से निराश न होकर निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं लोगों को मिलती है जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से नहीं भटकते।उन्होंने कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं में देशभक्ति, टीम भावना और नेतृत्व के गुण विकसित करने का सशक्त माध्यम है।विद्यालय के निदेशक डी.के. शर्मा ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। छात्रों में नेतृत्व क्षमता, जीवन कौशल, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय की छात्रा जिया गुगनानी ने सीबीएसई की राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और रुड़की का गौरव बढ़ाया है।समारोह में एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।विद्यालय के चेयरमैन डॉ. राहुल विश्नोई ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योग जगत के अनुभवी व्यक्तित्व का विद्यार्थियों के बीच आना उनके भविष्य के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है।कार्यक्रम में मिस्र और इंडोनेशिया से आए अतिथि शिक्षकों की सहभागिता भी आकर्षण का केंद्र रही। इससे विद्यार्थियों को विभिन्न देशों की संस्कृति और शिक्षा प्रणाली को जानने का अवसर मिला। समारोह में शिवानी मैडम, जितेंद्र सर, प्रियांशी, अंकुश, प्राची, अभिषेक, उदित, रिहान, पलक, अब्दुल कादिर सहित शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विश विजय ने किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies